लापता बच्ची का मिला कंकाल, पुलिस ने शिनाख्त करने DNA जांच के लिए भेजा; नरबलि की अटकलों से दहशत

मुंगेली। छत्तीगढ़ के मुंगेली जिले में करीब एक महीने पहले लापता हुई मासूम बच्ची के मामले में अब एक डराने वाला मोड़ आ गया है। पुलिस को कोसाबाड़ी के पास स्थित श्मशान घाट से एक नरकंकाल और उसके पास बच्चियों जैसे कपड़े मिले हैं। इस बात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
लोगों को शक है कि यह मामला नरबलि यानी इंसानी बलि का भी हो सकता है। हालांकि, पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। एसपी भोजराम पटेल ने बताया कि ये अवशेष उस बच्ची के हो सकते हैं जो 12 अप्रैल की रात से गायब है। उन्होंने कहा कि अब डीएनए जांच करवाई जाएगी, जिससे यह साफ हो सके कि ये नरकंकाल उसी बच्ची का है या नहीं। एसपी ने यह भी कहा कि ये अवशेष इस पूरे मामले को सुलझाने में बड़ी मदद कर सकते हैं। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है और डीएनए रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।





