भारत-पाक तनाव के बीच रेलवे अलर्ट मोड में, सुरक्षा कड़ी

बिलासपुर:भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए भारतीय रेलवे अलर्ट मोड में आ गया है। देशभर के रेलवे स्टेशनों, खासकर बिलासपुर जोन और रायपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए कई जरूरी कदम उठाए हैं।
क्या-क्या हो रहे हैं इंतज़ाम?
रेलवे पुलिस (RPF) स्टेशन और ट्रेनों में लगातार जांच कर रही है। डॉग स्क्वायड की मदद से प्लेटफॉर्म और कोचों की गहराई से तलाशी ली जा रही है। यात्रियों को माइक से लगातार सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध चीज की सूचना देने के लिए कहा जा रहा है। स्टेशन और ट्रेनों में लगे सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
आपदा से निपटने की तैयारी
बिलासपुर जोनल मुख्यालय में हाल ही में एक मॉकड्रिल की गई, जिसमें बम विस्फोट और आग लगने जैसी स्थिति को दिखाकर रेलवे और राहत एजेंसियों की तैयारियों की जांच की गई। इस अभ्यास में एनडीआरएफ और रेलवे स्टाफ ने मिलकर त्वरित कार्रवाई की।
बिलासपुर, उसलापुर, अनूपपुर, चांपा, कोरबा और रायगढ़ स्टेशनों पर यात्रियों की मदद के लिए “क्या मैं आपकी सहायता कर सकता हूं?” नाम से विशेष बूथ लगाए गए हैं। साथ ही रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, ताकि कोई भी यात्री आपात स्थिति में मदद ले सके।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत रेलवे पुलिस को दें।





