ब्रेकिंग: पाकिस्तान के ड्रोन हमलों के बाद भारत ने दिया सख्त जवाब, जैसलमेर और होशियारपुर में बम और मिसाइल बरामद

पाकिस्तान ने भारत के कई इलाकों में ड्रोन से हमले किए, लेकिन भारतीय S-400 एयर डिफेंस सिस्टम ने सभी हमलों को हवा में ही नाकाम कर दिया। हालांकि, शुक्रवार को राजस्थान के जैसलमेर और पंजाब के होशियारपुर में दो जिंदा बम और एक मिसाइल मिली, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
जैसलमेर में मिले दो जिंदा बम, पुलिस और एयरफोर्स की टीम मौके पर पहुंची
जैसलमेर के किशनघाट इलाके में पहला जिंदा बम मिला, जो नर्सरी के पास जोगियों की बस्ती में पड़ा हुआ था। जानकारी मिलने पर पुलिस और एयरफोर्स की टीम मौके पर पहुंची और बम को नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू की। दूसरा बम गजरूप सागर क्षेत्र में मिला था, जहां पुलिस और सेना की टीम ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की।
होशियारपुर में मिसाइल मिलने से दहशत
पंजाब के होशियारपुर जिले के कमाही देवी क्षेत्र में एक मिसाइल मिलने से लोगों में दहशत फैल गई। यह मिसाइल कमाही देवी के रामपुर गांव में गिरी, लेकिन किसी प्रकार का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार, यह मिसाइल पाकिस्तानी हमले को नाकाम करने के बाद पहाड़ी क्षेत्र में गिरी।
पंजाब सरकार की सीमा क्षेत्रों में आपातकालीन सेवाओं की समीक्षा
पाकिस्तान के हमले के बाद पंजाब सरकार ने तुरंत कदम उठाए हैं। राज्य के मंत्री आज सीमावर्ती जिलों का दौरा करेंगे और आपातकालीन सेवाओं की स्थिति की समीक्षा करेंगे। वे अस्पतालों, दमकल केंद्रों, राशन और अन्य आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता का निरीक्षण करेंगे।
उत्तराखंड सरकार ने राज्य के सभी अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है। राज्य के स्वास्थ्य सचिव ने अस्पतालों को सभी आईसीयू और वेंटिलेटर को तैयार रखने, साथ ही 12000 बेड चिह्नित करने का निर्देश दिया है। यह कदम केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देशों के बाद उठाया गया है।
भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा संदेश भेजा है कि किसी भी प्रकार के आतंकवादी हमलों का देश कड़ी प्रतिक्रिया देने से पीछे नहीं हटेगा।





