बीमा योजना में फर्जीवाड़ा: दस्तावेजों से छेड़छाड़ कर उठाया 2 लाख का लाभ, दो आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, खरसिया। खरसिया में महेन्द्र कर्मा बीमा योजना के तहत धोखे से बीमा राशि लेने के मामले में दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति खरसिया के प्रबंधक सुंदरलाल साहू और मृत महिला का बेटा बताने वाला गौरीशंकर साहू शामिल हैं।
मामला तब सामने आया जब वन परिक्षेत्र अधिकारी संतोष कांत ने खरसिया थाने में शिकायत की। शिकायत के मुताबिक, ग्राम बेंदोझरिया की मृतका गायत्री बाई साहू की असली जन्मतिथि 1 जनवरी 1953 थी, लेकिन बीमा के दस्तावेज में इसे बदलकर 1 जनवरी 1973 कर दिया गया।
आरोपी प्रबंधक सुंदरलाल साहू ने मृतका की उम्र कम दिखाने के लिए उसके आधार कार्ड में डिजिटल छेड़छाड़ की, जिससे वह बीमा योजना की पात्र बन सके। फिर गौरीशंकर को मृतका का बेटा बताकर उसे ₹2 लाख का बीमा लाभ दिलवा दिया गया।
इतना ही नहीं, गौरीशंकर के आधार कार्ड की जन्मतिथि भी बदल दी गई—1972 से 1992 कर दी गई, ताकि वह मृतका का बेटा लग सके।
जांच में पता चला कि बीमा राशि मिलने के बाद गौरीशंकर ने ₹70,000 सुंदरलाल को दिए। पूछताछ में दोनों ने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उनके पास से लैपटॉप, प्रिंटर, फर्जी दस्तावेज और आधार कार्ड जब्त किए हैं।
इस मामले में धारा 420, 467, 468, 471 और 120 बी के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
1. सुंदरलाल साहू (59 वर्ष), निवासी आडाझर, खरसिया
2. गौरीशंकर साहू (53 वर्ष), निवासी बेंदोझरिया, खरसिया
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल और एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में खरसिया पुलिस टीम ने इस फर्जीवाड़े का खुलासा किया।





