पाकिस्तान की फायरिंग में जम्मू-कश्मीर में 12 भारतीयों की मौत, भारत का करारा जवाब

जम्मू-कश्मीर। नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर एक बार फिर पाकिस्तान ने नापाक हरकत की। बुधवार देर रात पाकिस्तान की ओर से की गई जबरदस्त गोलीबारी में चार बच्चों समेत 12 भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 57 से ज्यादा लोग घायल हो गए।

पाकिस्तानी सेना ने पुंछ, कुपवाड़ा और तंगधार जैसे अग्रिम इलाकों में मोर्टार और भारी हथियारों से हमला किया। इस हमले के जवाब में भारतीय सेना ने भी जोरदार कार्रवाई की और पाकिस्तान की कई चौकियों को तबाह कर दिया।

जानकारी के अनुसार, यह हमला भारत द्वारा ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान पर किए गए जवाबी हमले के बाद हुआ। भारत ने यह ऑपरेशन पहलगाम में हुए आतंकी हमले का बदला लेने के लिए चलाया था। इस दौरान भारत ने पाकिस्तान और पीओके में 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया, जिसमें 100 से अधिक आतंकियों के मारे जाने की खबर है।

मारे गए 12 भारतीयों की पहचान इस प्रकार हुई है:

1. बलविंदर कौर उर्फ रूबी (33)

2. मोहम्मद जैन खान (10)

3. जोया खान (12)

4. मोहम्मद अकरम (40)

5. अमरीक सिंह (55)

6. मोहम्मद इकबाल (45)

7. रंजीत सिंह (48)

8. शकीला बी (40)

9. अमरजीत सिंह (47)

10. मरियम खातून (7)

11. विहान भार्गव (13)

12. मोहम्मद रफी (40)

अधिकारियों के मुताबिक, पाकिस्तान की इस गोलीबारी में कई घरों में आग लग गई, वाहन जल गए और दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा। बारामूला, उरी, करनाह और राजौरी के कई इलाकों में लोग घायल हुए हैं, जिनमें पांच नाबालिग भी शामिल हैं।

सेना के अनुसार, पाकिस्तान ने रात करीब 2 बजे से अंधाधुंध फायरिंग शुरू की थी। इसका भारतीय सेना ने तुरंत और सटीक जवाब दिया।

भारत ने साफ किया है कि आतंकवाद के खिलाफ उसकी कार्रवाई जारी रहेगी और निर्दोष नागरिकों पर हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button