शहीद की पत्नी को परेशान करना निंदनीय, हिमांशी नरवाल के समर्थन में बोले टीएस सिंहदेव

रायपुर। पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए नौसेना अधिकारी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की पत्नी हिमांशी नरवाल को सोशल मीडिया पर मिल रही धमकियों और नफरत भरे संदेशों को लेकर नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

सिंहदेव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा कि हिमांशी नरवाल को परेशान किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि अपने गहरे निजी दुख के समय में भी हिमांशी नरवाल ने जिस साहस और समझदारी के साथ लोगों से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की, वह बहुत ही सराहनीय है।

सिंहदेव ने कहा कि हिमांशी नरवाल के विचार हमारे संविधान की बुनियादी बातों — एकता, शांति और मानवता — को दर्शाते हैं। यह बेहद शर्मनाक है कि अब उन्हें ही उनके सुलझे हुए विचारों के लिए निशाना बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ऐसे साहसी लोगों की आवाज़ दबाना शहीद के बलिदान और समाज की नैतिकता दोनों का अपमान है। सिंहदेव ने प्रशासन और जिम्मेदार नागरिकों से अपील की कि हिमांशी नरवाल को पूरी सुरक्षा दी जाए और उन्हें धमकाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button