विदेश यात्रा के नाम पर करोड़ों की ठगी, आरोपी महिला श्रद्धा राजपूत गिरफ्तार

रायपुर: विदेश घूमाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाली महिला श्रद्धा राजपूत को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई थाना सिविल लाइन पुलिस टीम द्वारा की गई। आरोपी महिला पंडरी स्थित श्याम प्लाजा में “इमाम टूर एंड ट्रैवल्स” नाम से ऑफिस चला रही थी, जहां से वह और उसका साथी लोगों को विदेश यात्रा के नाम पर ठगते थे।
सीनियर सिटीजन को बनाते थे निशाना
पुलिस के अनुसार, श्रद्धा राजपूत और उसके साथी कमर एजाज अहमद लोगों को सिंगापुर, बैंकाक, हांगकांग और गोवा की सैर कराने का झांसा देते थे। उन्होंने 2014 में करीब 20 से 25 लोगों से एडवांस में कुल ₹35,20,000 की राशि ली, लेकिन किसी को यात्रा पर नहीं ले गए और फरार हो गए। इस गिरोह का खास निशाना वरिष्ठ नागरिक थे।
2015 में दर्ज हुआ था मामला
पीड़ित अभिषेक सोनी की शिकायत पर 2015 में सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज किया गया था। केस की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
गुढ़ियारी से हुई गिरफ्तारी
पुलिस को सूचना मिली कि श्रद्धा राजपूत गुढ़ियारी इलाके में छिपकर रह रही है। पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि वह ऑफिस में अकाउंट और टैली का काम करती थी और ग्राहकों से पैसे जमा करवाती थी, जिसके बदले उसे कमीशन मिलता था।
मुख्य आरोपी अब भी फरार
मामले का मुख्य आरोपी कमर एजाज अहमद अब भी फरार है। उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कर तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार महिला का विवरण:
नाम: श्रद्धा राजपूत
पति का नाम: राजू राजपूत
उम्र: 35 वर्ष
पता: विकास नगर, थाना गुढ़ियारी, रायपुर





