बिहार में महागठबंधन की तीसरी बैठक हुई, एकजुट होकर चुनाव लड़ने का लिया संकल्प

पटना। बिहार में विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर रविवार को विपक्षी महागठबंधन की तीसरी बैठक राजधानी पटना में संपन्न हुई। इस बैठक में शामिल सभी दलों ने एकजुटता और मजबूती के साथ चुनाव लड़ने का संकल्प लिया।
राजद नेता तेजस्वी यादव ने बैठक के बाद कहा कि, “हम लोग पूरी तरह मस्त हैं। 20 मई को मजदूरों की हड़ताल का INDIA गठबंधन पूरा समर्थन करेगा और सभी कार्यकर्ता सड़क पर उतरेंगे।” बैठक में कांग्रेस, वाम दलों और विकासशील इंसान पार्टी समेत अन्य सहयोगी दलों ने भी हिस्सा लिया।
राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि गठबंधन ने 243 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि भले ही चुनाव चिह्न अलग-अलग हों, लेकिन लड़ाई साझा होगी और सब एक मंच पर खड़े होंगे।
कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरू ने बताया कि सभी दल मिलकर हर जिले और प्रखंड में संगठनात्मक काम करेंगे और पूरे राज्य में INDIA गठबंधन को मजबूत करेंगे।
इस दौरान विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, “नीतीश कुमार के नेतृत्व में नहीं, बल्कि अफसरशाही के जरिए सरकार चलाई जा रही है। भ्रष्टाचार हर स्तर पर फैला है, और जनता बदलाव चाहती है।”
महागठबंधन के नेताओं ने यह भी कहा कि अब जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना प्राथमिकता होगी। सभी दलों ने भरोसा जताया कि इस बार महागठबंधन एकजुट होकर “महाविजय” हासिल करेगा।





