बिलासपुर में तेज तूफान का कहर, होर्डिंग्स गिरे, मची अफरातफरी

बिलासपुर। शुक्रवार दोपहर करीब 3:15 बजे बिलासपुर में मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी व बारिश ने शहर को अपनी चपेट में ले लिया। तेज तूफान के चलते शहर में जगह-जगह अफरातफरी मच गई।
तेज हवाओं के कारण कई दुकानों और इमारतों पर लगे बड़े-बड़े होर्डिंग्स और बोर्ड गिर गए। कुछ होर्डिंग्स इतनी दूर जा गिरे मानो तूफान उन्हें उड़ा ले गया हो। नूतन चौक के पास जलाराम मिक्सर की दुकान और पास के टीवीएस शोरूम की छत का टीन शेड भी गिर गया।
हालांकि इस हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन माहौल काफी डरावना हो गया था। तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। कुछ देर के लिए पूरा इलाका दहशत में आ गया।
तेज आंधी और बारिश से कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ। बिजली की आपूर्ति भी कुछ जगहों पर बाधित रही। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है और सतर्कता बरतने की अपील की गई है।





