सीबीएसई ने पोस्ट-रिजल्ट प्रक्रिया में किया बड़ा बदलाव, छात्रों को मिलेगा पहले आंसर शीट्स का मौका

नई दिल्ली | 03 मई 2025
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 2025 की कक्षा 10वीं और 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणामों से पहले एक अहम बदलाव की घोषणा की है, जिससे लाखों छात्रों को राहत मिलेगी। बोर्ड ने पोस्ट-रिजल्ट प्रक्रियाओं के अनुक्रम में बदलाव करते हुए यह निर्णय लिया है कि अब छात्र परिणाम जारी होने के बाद वैरिफिकेशन या पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करने से पहले अपनी मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं की फोटोकॉपी प्राप्त कर सकेंगे।

अब तक की प्रक्रिया में छात्रों को पहले अंकों के सत्यापन के लिए आवेदन करना होता था, उसके बाद ही वे उत्तर पुस्तिकाओं की फोटोकॉपी प्राप्त कर सकते थे और अंत में पुनर्मूल्यांकन का विकल्प चुन सकते थे। लेकिन अब यह अनुक्रम बदल दिया गया है। नई प्रक्रिया के तहत छात्र सबसे पहले आंसर शीट की फोटोकॉपी प्राप्त कर सकेंगे, फिर वे यह तय कर सकेंगे कि उन्हें केवल अंकों का सत्यापन करवाना है या किसी विशेष प्रश्न का पुनर्मूल्यांकन कराना है।

सीबीएसई द्वारा जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है कि इस बदलाव का उद्देश्य छात्रों को पारदर्शिता और आत्मविश्वास प्रदान करना है ताकि वे अपने अंकों के मूल्यांकन को बेहतर ढंग से समझ सकें और अगर किसी प्रकार की त्रुटि है तो उसके खिलाफ सटीक ढंग से कार्रवाई कर सकें। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस नए नियम की विस्तृत प्रक्रिया दोनों कक्षाओं के परिणाम घोषित होने के बाद साझा की जाएगी।

हालांकि, अभी तक सीबीएसई ने कक्षा 10वीं और 12वीं के परिणामों की तारीख की घोषणा नहीं की है। लेकिन संभावना जताई जा रही है कि दोनों कक्षाओं के परिणाम एक ही दिन जारी हो सकते हैं। छात्र अपने परिणाम आधिकारिक वेबसाइट cbseresults.nic.in, results.cbse.nic.in और cbse.nic.in पर देख सकेंगे। इसके अतिरिक्त डिजीलॉकर, results.gov.in, उमंग ऐप और SMS के माध्यम से भी परिणाम प्राप्त किए जा सकेंगे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button