LOC पर फायरिंग: पाक सेना की नापाक हरकत का भारतीय सेना ने दिया करारा जवाब

दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर सेक्टर में पाकिस्तान की सेना ने बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की। यह घटना 29 और 30 अप्रैल की रात हुई, जब सीमा पर शांति बनी हुई थी। पाकिस्तान की इस हरकत का भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया और स्थिति को पूरी तरह से नियंत्रण में रखा। पाकिस्तान की तरफ से यह फायरिंग छोटे हथियारों से की गई।
सेना के अनुसार, इस फायरिंग का उद्देश्य भारतीय पोस्टों को निशाना बनाना और तनाव बढ़ाना था। हालांकि, भारतीय जवानों की सतर्कता और मजबूत प्रतिक्रिया से पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी मिल गई है। भारतीय सेना ने अपने बयान में कहा, “पाकिस्तान की तरफ से की गई इस नापाक कोशिश का हमारी सेना ने समय पर और पूरी ताकत से जवाब दिया। हमारे जवानों ने बेहद मुस्तैदी से कार्रवाई की, जिससे पाकिस्तान की ओर से जारी फायरिंग रुक गई।”
यह घटना उस समय हुई है जब पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच संबंध पहले से ही तनावपूर्ण हैं। ऐसे में पाकिस्तान द्वारा एलओसी पर गोलीबारी करना शांति के माहौल को खराब करने की साजिश माना जा रहा है। फिलहाल सीमा पर स्थिति शांत है और भारतीय सेना पूरी तरह अलर्ट है। किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है। सेना ने साफ कर दिया है कि हर उकसावे का सख्ती से जवाब दिया जाएगा और देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।





