नरसिम्हा स्वामी मंदिर हादसा: चंदनोत्सव के दौरान दीवार गिरने से 8 की मौत

विशाखापत्तनम। आंध्र प्रदेश के श्री वरहलक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी मंदिर में मंगलवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। मंदिर में चंदनोत्सव के दौरान एक अस्थायी दीवार गिरने से 8 लोगों की मौत हो गई और 4 श्रद्धालु घायल हो गए।
यह घटना रात करीब 2:30 बजे हुई, जब श्रद्धालु भगवान नरसिम्हा के दर्शन के लिए एकत्र हुए थे। हादसे के समय तेज बारिश हो रही थी, जिससे अस्थायी ढांचा कमजोर होकर गिर गया। SDRF और NDRF की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य में जुट गईं। सभी घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसडीआरएफ के एक जवान ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई और मलबा हटाने का काम शुरू किया। अब बचाव कार्य पूरा हो चुका है।
घटना के बाद गृह एवं आपदा प्रबंधन मंत्री वांगलापुडी अनिता मौके पर पहुंचीं। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया और कहा कि सभी आवश्यक सावधानियां बरती गई थीं, फिर भी भारी बारिश की वजह से यह हादसा हुआ। धर्मस्व विभाग के प्रधान सचिव विनय चैन ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हादसा भारी बारिश के कारण हुआ लगता है। उन्होंने कहा, “हम मामले की पूरी जांच कर रहे हैं और हादसे की असली वजह जल्द सामने लाई जाएगी।” इस दुखद घटना पर पूरे राज्य में शोक की लहर है। मंदिर में हो रहे चंदनोत्सव उत्सव को फिलहाल रोक दिया गया है। सरकार ने मृतकों के परिजनों को सहायता राशि देने की घोषणा भी की है।





