अब टुल्लू पंप नहीं करेगा पानी की चोरी, निगम का बड़ा फैसला

रायपुर। गर्मियों में पानी की किल्लत से निपटने के लिए नगर निगम रायपुर ने बड़ा फैसला लिया है। निगम आयुक्त विश्वदीप ने बिजली विभाग को पत्र लिखकर गर्मी के मौसम में पानी की सप्लाई के समय बिजली बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
आयुक्त ने बताया कि गर्मियों में लोग टुल्लू पंप का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं, जिससे आखिरी छोर के घरों तक पानी नहीं पहुंच पाता। इससे कई जगहों पर जल संकट की शिकायतें मिल रही हैं।
इस समस्या को देखते हुए अब 1 मई से 15 जून 2025 तक हर दिन सुबह 6:15 से 6:45 और शाम 6:15 से 6:45 बजे तक कुछ इलाकों में बिजली बंद रखी जाएगी, ताकि पानी की सप्लाई बिना बाधा हो सके और सभी घरों तक पहुंचे।
निगम के मुताबिक, रायपुर के कई वार्डों और कॉलोनियों में यह व्यवस्था लागू होगी। इसमें मोचीपारा, सूर्यानगर, डबरापारा, बंजारी वार्ड, संतोषी नगर, टिकरापारा, संजय नगर, शंकर नगर, न्यू शांति नगर, गोकुल नगर, कापा बस्ती समेत 100 से ज्यादा इलाके शामिल हैं।
निगम ने नागरिकों से अपील की है कि टुल्लू पंप का इस्तेमाल न करें और पानी का समझदारी से उपयोग करें, ताकि सभी को पर्याप्त पानी मिल सके।





