वक्फ संशोधन कानून पर भाजपा चलाएगी जनजागरण अभियान, 1 मई को रायपुर में होगी कार्यशाला

रायपुर। वक्फ संशोधन कानून को लेकर देशभर में जागरूकता फैलाने के लिए भाजपा का राष्ट्रीय संगठन जनजागरण अभियान शुरू करने जा रहा है। इस अभियान की शुरुआत से पहले सभी राज्यों में कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं, ताकि पार्टी कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी दी जा सके।
छत्तीसगढ़ में यह कार्यशाला रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में 1 मई को होगी। पहले यह 25 अप्रैल को प्रस्तावित थी, लेकिन बाद में इसे स्थगित कर दिया गया था। अब इस नई तारीख पर कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
इस कार्यशाला में पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह विशेष रूप से शामिल होंगे। पहले इसमें भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और जनजागरण अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी दुष्यंत गौतम के आने की योजना थी। कार्यशाला में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, पूरा मंत्रिमंडल, सभी विधायक, सांसद और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
बता दें कि वक्फ संशोधन विधेयक अब कानून बन चुका है, क्योंकि यह लोकसभा और राज्यसभा से पास हो चुका है और राष्ट्रपति की मंजूरी भी मिल गई है। हालांकि, यह मामला अब सुप्रीम कोर्ट में भी पहुंच चुका है और इसका विरोध भी कुछ जगहों पर देखा जा रहा है। ऐसे में भाजपा ने देश के हर राज्य में इस कानून को लेकर लोगों को जागरूक करने का निर्णय लिया है।





