सुमन के काफिले पर टायर फेंककर हमला, 5 लोग गिरफ्तार

रायबरेली।समाजवादी पार्टी (SP) के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन के काफिले पर रविवार को गभाना टोल बूथ के पास कथित रूप से करणी सेना के लोगों ने हमला किया। इस हमले में टायर फेंके गए, जिससे कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हालांकि, इस घटना में सुमन बाल-बाल बच गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, टायर फेंके जाने के कारण गाड़ियों की भिड़ंत हुई, लेकिन इस हमले में कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 5 लोगों को गिरफ्तार किया और संबंधित चौकी प्रभारी सहित 2 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक (ASP, City) एमएस. पाठक ने बताया, “सपा सांसद सुमन को इलाके से सुरक्षित निकाल लिया गया है और हमले में कोई हताहत नहीं हुआ है।” उन्होंने आगे कहा कि मामले में कई प्रदर्शनकारियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उन पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रघुराज सिंह का विवादित बयान, कहा “ये मुगलों की नाजायज औलाद हैं”
अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना
इस हमले के बाद उत्तर प्रदेश सरकार में दर्जा प्राप्त मंत्री ठाकुर रघुराज सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि रामजी लाल सुमन के साथ ऐसा ही होना था क्योंकि वे “मुगलों की नाजायज औलाद” हैं। रघुराज सिंह ने कहा, “ये लोग सिर्फ वोट के लिए मुगलों को अपना बाप कहते हैं, इसलिए इनके साथ ऐसा होगा।” उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने उन बच्चों की तारीफ की जो इस हमले में शामिल थे और यह सही किया है।
रघुराज सिंह ने समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव पर भी हमला बोला और कहा कि अगले चुनाव में वह अखिलेश यादव को यह सिखा देंगे कि “ठाकुरों से पंगा लेना ठीक नहीं होगा।”
यह घटना प्रदेश में राजनीतिक विवाद को और बढ़ा सकती है, क्योंकि इसमें कई पक्षों के बयान और विवादित टिप्पणियां सामने आई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।





