बिलासपुर में पहली बार होगा भविष्य पुराण का आयोजन, भूमि पूजन विधिवत सम्पन्न

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर को एक ऐतिहासिक धार्मिक अवसर का सौभाग्य प्राप्त होने जा रहा है। यहां 28 मई से 5 जून तक “गोमाता राष्ट्रमाता प्रतिष्ठा महायज्ञ” एवं “भविष्य पुराण” का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन से पूर्व शुक्रवार को रामा वर्ल्ड सिटी में शास्त्र सम्मत मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से भूमि पूजन सम्पन्न हुआ।
भूमिपूजन का शुभ कार्य गौधली बेला में किया गया, जिसमें मुख्य यजमान के रूप में शंकराचार्य के कृपापात्र शिष्य हरीश शाह सपत्नीक उपस्थित रहे। पूजन को आचार्य मेघानंद शास्त्री द्वारा विधिवत सम्पन्न कराया गया। इस पावन अवसर पर श्री शंकराचार्य आश्रम बोरियाकला, रायपुर के दंडी स्वामी डॉ. इन्दुभवानंद तीर्थ जी महाराज एवं सरस्वती जी महाराज (सपाद लक्षेश्वर धाम, सलधा बेमेतरा) भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
आयोजन को लेकर हरीश शाह ने दी जानकारी
मुख्य यजमान हरीश शाह ने इस अवसर पर बताया कि “यह केवल बिलासपुर ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश के लिए एक बड़े सौभाग्य का अवसर है कि यहां भविष्य पुराण का प्रथम बार आयोजन हो रहा है। हमें परम पूज्य शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज के श्रीमुख से भविष्य पुराण सुनने का सौभाग्य प्राप्त होगा।” उन्होंने यह भी कहा कि साथ ही गोमाता राष्ट्रमाता प्रतिष्ठा महायज्ञ भी इसी आयोजन का हिस्सा होगा, जो आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बनेगा।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
भूमिपूजन कार्यक्रम में CFO मदन मोहन उपाध्याय, पीताम्बरा पीठ के दिनेश जी महाराज, निखिल आश्रम के ब्रह्मचारी वासुदास निखिल जी, तिलक नगर हनुमान मंदिर के पुजारी छोटू महाराज, गौ सेवक विपुल शर्मा, गोपाल जी, गौरव तिवारी, विनोद उपाध्याय, अर्जुन तिवारी, हर्ष अग्रवाल, किशन बुधिया, आनंद अग्रवाल, मनोज केडिया, रंजीत सिंह, राजू चौबे समेत सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव का भी संदेश देता है।





