अवैध विद्युत कनेक्शन से पालतू गाय की मौत, आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर – रतनपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां अवैध विद्युत कनेक्शन की चपेट में आकर एक पालतू गाय की मौत हो गई। खेत मालिक ने बिना सुरक्षा के तार फैलाकर अपने खेत में करंट छोड़ा था, जिसकी चपेट में आने से गाय की जान चली गई।
घटना के बाद गाय के मालिक संतोष नेताम ने रतनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के बाद खेत मालिक अशोक धीवर उर्फ राजू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने अपनी सिंचाई के लिए जी.आई. तारों को बिना सुरक्षा कवच के खेत में फैला रखा था, जिससे करंट फैल गया और गाय की मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विद्युत अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने घटनास्थल से तार, केबल और मोटर पम्प जब्त कर लिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी रतनपुर की टीम ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
यह घटना एक बार फिर यह बताती है कि बिना सुरक्षा के विद्युत कनेक्शन न केवल जानवरों के लिए, बल्कि लोगों के लिए भी खतरनाक हो सकता है।





