बेघर होने के डर से तपती गर्मी में बच्चों के साथ कलेक्टर के दरवाजे पहुंचे ग्रामीण

बिलासपुर: भीषण गर्मी के बीच बिलासपुर जिले के ग्राम बिटकुला के ग्रामीण अपने छोटे-छोटे बच्चों के साथ गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। इन लोगों का कहना है कि वे सालों से सरकारी ज़मीन पर रह रहे हैं और अब बेदखली के आदेश से बेघर होने का डर सता रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि उनके पास रहने के लिए और कोई ज़मीन या मकान नहीं है। वे जिस ज़मीन पर वर्षों से रह रहे हैं, वहां अब एक पक्का मकान बना रहे थे, लेकिन गांव के ही टुकेश्वर पाटनवार ने निर्माण रुकवा दिया। उनका कहना है कि यह जमीन गौ चारा के लिए आरक्षित है और उस पर मकान नहीं बनाया जा सकता।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि वे उन्हें उस ज़मीन का पट्टा (मालिकाना हक) दें, ताकि वे निश्चिंत होकर अपने परिवार के लिए छत बना सकें। उनका कहना है कि पहले से वहीं रह रहे हैं, और अब जब मकान बन रहा है तो रोक लगा दी गई है, जिससे बच्चों समेत पूरे परिवार को बहुत परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों की मांग:
बेदखली का आदेश वापस लिया जाए
मकान निर्माण की अनुमति दी जाए
वर्षों से रह रहे ज़मीन का पट्टा दिया जाए
प्रशासन से अपील:
ग्रामीणों ने कलेक्टर से इंसाफ की गुहार लगाई है, ताकि उन्हें बेघर होने की नौबत न आए और उनका परिवार गर्मी और परेशानी से बच सके।





