जम्मू-कश्मीर: पहलगाम में आतंकी हमला, एक पर्यटक की मौत, 7 घायल

जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम में रविवार को एक दर्दनाक आतंकी हमला हुआ। इस हमले में एक पर्यटक की मौत हो गई जबकि 7 लोग घायल हो गए हैं। गंभीर रूप से घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह हमला उस समय हुआ जब कुछ पर्यटक अपने परिवार के साथ घुड़सवारी कर रहे थे। आतंकियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमले के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी संगठन ‘कश्मीर रेजिस्टेंस’ ने ली है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए आतंकी संगठन ने दावा किया कि गैर-स्थानीय लोगों को बड़ी संख्या में निवास-पत्र दिए जाने के विरोध में यह हमला किया गया है। उनका कहना है कि इससे कश्मीर की जनसंख्या संरचना बदल रही है, और जो बाहरी लोग यहाँ बसने की कोशिश करेंगे, उन्हें निशाना बनाया जाएगा।
सुरक्षा बलों की कार्रवाई तेज
हमले के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। सेना और पुलिस मिलकर आतंकियों की तलाश में जुटी हैं। पहलगाम पहुंचने वाले अन्य पर्यटकों को रोक दिया गया है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। कई वर्षों बाद ऐसा पहली बार हुआ है जब आतंकियों ने पर्यटकों को निशाना बनाया है।
उपराज्यपाल ने जताया दुख
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा, “यह हमला कायराना हरकत है। जो भी इसके पीछे हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।” उन्होंने घायलों को बेहतर इलाज देने के निर्देश दिए हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
गौरतलब है कि 2019 में अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में नया डोमिसाइल कानून लागू हुआ था। इसके तहत 15 साल या उससे अधिक समय से रहने वाले लोगों को स्थायी निवास का अधिकार मिलता है। इसी कानून का विरोध करते हुए आतंकी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।





