पुरानी कंपोजिट बिल्डिंग में पानी की भारी किल्लत, कर्मचारियों को हो रही भारी परेशानी

बिलासपुर:जिला मुख्यालय की पुरानी कंपोजिट बिल्डिंग में पिछले चार महीनों से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। इस बिल्डिंग में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय और रजिस्ट्री कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण सरकारी दफ्तर हैं, लेकिन पानी की कमी के कारण सरकारी कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
बिल्डिंग में काम कर रहे कर्मचारियों ने कई बार कंपोजिट बिल्डिंग प्रबंधन समिति के अध्यक्ष को पत्र लिखकर पानी की समस्या का समाधान करने की मांग की, लेकिन हर बार उन्हें सिर्फ बकाया राशि की जानकारी देकर टाल दिया गया।
गर्मी के इस तेज़ मौसम में पानी की कमी ने कर्मचारियों की परेशानी और बढ़ा दी है। थक-हारकर कर्मचारी संघ के सदस्य कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर को इस समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपा।
कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री सुनील यादव ने बताया कि पुरानी बिल्डिंग में लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई है और अब हालात काफी गंभीर हो गए हैं। गर्मी में पानी की कमी से कर्मचारियों का स्वास्थ्य भी प्रभावित हो रहा है और कामकाज की रफ्तार भी धीमी हो गई है।
कलेक्टर ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान किया जाएगा। प्रशासन ने इस गंभीर समस्या को संज्ञान में लिया है और जल्द से जल्द स्थायी हल निकालने की बात कही है।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस समस्या को कितनी जल्दी हल करता है और कर्मचारियों को कब राहत मिलती है।





