भतीजों पर जमीन हड़पने का आरोप, कलेक्टर और एसपी से आज़ाद युवा संगठन ने की शिकायत

बिलासपुर। कोटा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कंचनपुर निवासी दूजराम यादव ने अपने ही भतीजों पर छलपूर्वक जमीन हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर दूजराम ने आजाद युवा संगठन के साथ मिलकर जिला कलेक्टर और एसपी से न्याय की गुहार लगाई है।

दूजराम यादव का कहना है कि वे खसरा नंबर 367/1, 367/7, 367/11, 367/12, 420/2 और 433/2 की कुल 6.12 एकड़ जमीन पर लंबे समय से काबिज हैं। बावजूद इसके उनके भतीजे जोहित यादव, जोहन यादव, शत्रुघन यादव और मोहन यादव ने पटवारी से मिलीभगत कर धोखाधड़ी और कूटरचना के ज़रिए इस जमीन में से करीब 4.5 एकड़ जमीन अपने नाम पर दर्ज करवा ली।

इस मामले की शिकायत लेकर दूजराम यादव, संगठन प्रमुख इशहाक कुरैशी और अन्य सदस्य जिला कलेक्ट्रेट बिलासपुर पहुंचे और वहां ज्ञापन सौंपा। उन्होंने दोषी भतीजों और संबंधित पटवारी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, साथ ही दूजराम की जमीन उसे वापस दिलाने की अपील की है।

प्रशासन ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच का भरोसा दिलाया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button