दिल्ली मेयर चुनाव: बीजेपी के राजा इकबाल सिंह ने भरा नामांकन, AAP ने नहीं उतारा उम्मीदवार, कांग्रेस मैदान में

दिल्ली में 25 अप्रैल को मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए चुनाव होने जा रहा है। इस बार राजनीतिक समीकरण कुछ अलग नजर आ रहे हैं, क्योंकि आम आदमी पार्टी (AAP) ने मेयर पद के लिए कोई भी उम्मीदवार नहीं उतारा है।
बीजेपी से राजा इकबाल सिंह मैदान में
भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से राजा इकबाल सिंह ने मेयर पद और जय भगवान यादव ने डिप्टी मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। नामांकन के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और अन्य वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे।
जहां एक ओर AAP ने चुनाव से दूरी बनाई है, वहीं कांग्रेस ने मेयर पद के लिए मंदीप सिंह और डिप्टी मेयर पद के लिए अरीबा खान को उम्मीदवार बनाया है। इससे मुकाबला अब सीधे तौर पर कांग्रेस और बीजेपी के बीच हो गया है।
इकबाल सिंह का बयान: ‘दिल्ली का विकास तभी होगा जब निगम में खिलेगा कमल’
नामांकन के बाद राजा इकबाल सिंह ने कहा कि दिल्ली में अब ट्रिपल इंजन की सरकार बन चुकी है – केंद्र, विधानसभा और अब सिविक सेंटर में भी कमल खिलेगा। उन्होंने AAP पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने जनता के लिए कोई काम नहीं किया, और उनके पार्षद भी अब भाजपा के साथ हैं।
इकबाल सिंह ने कहा कि यदि वे मेयर बने तो दिल्ली की सबसे बड़ी समस्या – गंदगी – को दूर करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। इसके अलावा शहर के पार्कों को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाना भी उनके एजेंडे में शामिल है।
हर्ष मल्होत्रा का कांग्रेस और AAP पर हमला
केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि AAP का उम्मीदवार न उतारना यह दिखाता है कि उनके भीतर असंतोष है। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP के पार्षद खुद अपनी पार्टी की कार्यशैली से नाराज हैं। मल्होत्रा ने दावा किया कि बीजेपी के पास जरूरी बहुमत है और उनका उम्मीदवार निश्चित रूप से मेयर बनेगा।
दिल्ली मेयर चुनाव को लेकर इस बार दिलचस्प राजनीतिक माहौल बना है। आम आदमी पार्टी के मैदान से हटने के बाद अब मुकाबला कांग्रेस और बीजेपी के बीच है। 25 अप्रैल को ये साफ हो जाएगा कि दिल्ली की बागडोर किसके हाथ में जाएगी।





