गोरखपुर में सीएम योगी का बड़ा बयान – “2014 से पहले भारत था भ्रष्टाचार में डूबा, अब बन रहा है नया भारत”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखपुर में 1498 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि विकास का कोई विकल्प नहीं हो सकता।
“2014 से पहले भारत डूबा था भ्रष्टाचार में”
सीएम योगी ने कहा कि 2014 के पहले का भारत भ्रष्टाचार, अविश्वास, आतंकवाद और नक्सलवाद की चुनौतियों से जूझ रहा था। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 सालों में देश ने एक नया रूप लिया है और विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है।
योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग विकास नहीं चाहते, वही समाज का सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करते हैं। पिछली सरकारें सिर्फ अपने परिवारों तक सीमित थीं और समाज को जाति, मजहब और भाषा के नाम पर बांटने का काम करती थीं।
“उत्तर प्रदेश बना रहा नई पहचान”
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में बेटियां और व्यापारी बिना किसी डर के घर से बाहर निकल रहे हैं। नए उद्योग लग रहे हैं, और युवा अपने जिले में ही रोजगार पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये परिवर्तन हर व्यक्ति महसूस कर रहा है और यही बदलाव राज्य की नई पहचान बना रहा है।
सीएम योगी ने यह भी कहा कि आज का भारत आतंकवाद और नक्सलवाद पर कड़ा प्रहार कर चुका है। देश ने विकास के नए मानक स्थापित किए हैं और अब दुनिया के लिए एक उदाहरण बन गया है।
योगी ने अपने भाषण में बार-बार इस बात को दोहराया कि विकास ही एकमात्र रास्ता है, और यही देश और समाज को आगे ले जा सकता है।





