खैरागढ़: बारातियों से भरी पिकअप नदी में गिरी, बड़ा हादसा टला

खैरागढ़। धमधा ब्लॉक के टेमरी गांव से लौट रही बारातियों की एक पिकअप गाड़ी शनिवार देर शाम आमनेर नदी में गिर गई। हादसे के वक्त वाहन में 20 से ज्यादा लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे। राहत की बात ये रही कि किसी की जान नहीं गई, लेकिन दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, अमलीपारा से बारातियों का जत्था शनिदेव मंदिर (धरमपुरा) दर्शन के लिए गया था। लौटते समय पिकअप चालक ने वाहन को रिवर्स करने की कोशिश की, लेकिन वह संतुलन खो बैठा और गाड़ी सीधे नदी में जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ड्राइवर लापरवाही से गाड़ी चला रहा था और हादसे के बाद वह मौके से फरार हो गया। जैसे ही वाहन नदी में गिरी, वहां अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने बहादुरी दिखाते हुए पुल से कूदकर नदी में गिरे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
सूचना मिलने पर पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।





