दिल्ली में 4 मंजिला इमारत गिरी, 4 की मौत, कई लोग मलबे में फंसे

दिल्ली। दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक 4 मंजिला इमारत अचानक गिर गई। हादसा रात करीब 3 बजे हुआ। अब तक मलबे से 14 लोगों को निकाला गया है, जिनमें से 4 की मौत हो चुकी है।
राहत और बचाव कार्य अब भी जारी है। एनडीआरएफ और दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। फायर डिपार्टमेंट के अधिकारी राजेंद्र अटवाल ने बताया कि सुबह 2:50 बजे सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर देखा गया कि पूरी इमारत गिर चुकी है और कई लोग मलबे में फंसे हैं। एडिशनल डीसीपी संदीप लांबा ने बताया कि 14 लोगों को मलबे से निकाला गया, लेकिन उनमें से 4 की मौत हो चुकी है। अभी भी 8 से 10 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। इमारत गिरने की असली वजह जांच के बाद सामने आएगी।
पीड़ितों के परिजन बोले, दो भतीजों की मौत हो गई
मृतकों में से दो के रिश्तेदार शहजाद अहमद ने बताया कि इस हादसे में उनके दो भतीजों की मौत हो गई है। उनकी बहन, बहनोई और भतीजी घायल हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय दिल्ली में तेज बारिश और आंधी चल रही थी। माना जा रहा है कि इसी कारण इमारत गिर गई। यह इमारत 60 गज के छोटे से प्लॉट में बनी हुई थी। एक महिला ने बताया कि घर में दो बेटे और उनकी पत्नियां रहती थीं। दोनों के तीन-तीन बच्चे भी थे। हादसे के बाद से सभी नजर नहीं आ रहे हैं। फिलहाल राहत कार्य जारी है और मलबे से लोगों को निकालने की कोशिशें तेज़ हैं।





