बिलासपुर में अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई, मोपका बाजार चौक में 50 से ज्यादा दुकानें हटाई गईं

बिलासपुर: शहर में अतिक्रमण के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत शुक्रवार को प्रशासन ने मोपका बाजार चौक में बड़ी कार्रवाई की। शासकीय जमीन पर बने अवैध कब्जों को हटाने के लिए नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर की मदद से 50 से ज्यादा अस्थायी और स्थायी दुकानों को तोड़ दिया।
कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया था। बताया गया कि ये सभी दुकानें सरकारी जमीन पर लंबे समय से अवैध रूप से संचालित हो रही थीं। कई बार नोटिस देने के बावजूद दुकानदार जगह खाली नहीं कर रहे थे।
प्रशासन की टीम ने सुबह से ही कार्रवाई शुरू की और मोपका चौक की शासकीय जमीन को अतिक्रमण से मुक्त करा लिया। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी ताकि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाया जा सके।





