कलेक्टर अवनीश शरण ने अस्पतालों और शिविरों का किया निरीक्षण, दगौरी अस्पताल की सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी

बिलासपुर। कलेक्टर अवनीश शरण ने गुरुवार को जिले के ग्रामीण इलाकों में अस्पतालों और राजस्व शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दगौरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सिलपहरी उप स्वास्थ्य केंद्र का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दगौरी अस्पताल में साफ-सफाई की व्यवस्था ठीक नहीं मिली, जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि इस अस्पताल में हर महीने 10 से 15 बच्चों का जन्म होता है और रोज़ाना 80-90 मरीज इलाज के लिए आते हैं।
अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर ने बताया कि स्टाफ की कमी है। फार्मासिस्ट लीलावती मांझी, नेत्र सहायक संगीता गेडाम और पर्यवेक्षक प्रफुल्ल कुमार सिंह अभी शहरी क्षेत्र में ड्यूटी कर रहे हैं। इस पर कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए कि इनकी शहरी ड्यूटी तुरंत खत्म कर उन्हें दगौरी अस्पताल में वापस भेजा जाए। ऐसा न करने पर वेतन रोकने और निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा, कलेक्टर ने सिलपहरी गांव में चल रहे राजस्व शिविर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों को ‘किसान किताब’ बांटी और ग्रामीणों से खेती, राशन और पानी की स्थिति के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि राशन तो समय पर मिल रहा है, लेकिन पानी की दिक्कत है। इस पर कलेक्टर ने सलाह दी कि गर्मी के मौसम में धान की जगह सब्जी या कम पानी वाली फसलें उगाएं।
कलेक्टर ने बिल्हा तहसील के अमेरी अकबरी गांव के राजस्व शिविर का भी दौरा किया, जहां कुल 22 आवेदन मिले। उन्होंने अधिकारियों को सभी आवेदनों का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।





