ब्राजील दौरे पर शिवराज सिंह चौहान, कहा – “कम पानी में ज्यादा सिंचाई की बेहतरीन तकनीक”

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान इस समय ब्राजील दौरे पर हैं, जहां वे BRICS देशों के कृषि मंत्रियों की बैठक में हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरे के दौरान उन्होंने ब्राजील की आधुनिक खेती और सिंचाई तकनीकों का निरीक्षण किया।
टमाटर के खेत में दिखी खास सिंचाई व्यवस्था
शिवराज सिंह चौहान ने ब्राजील में टमाटर के खेत का दौरा किया। उन्होंने बताया कि वहां कम पानी में अधिक प्रभावी सिंचाई की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा, “यहां पूरा सिस्टम कंट्रोल्ड है, पौधों को उतना ही पानी दिया जाता है, जितनी उन्हें जरूरत होती है।”
भारत में भी इन तकनीकों का उपयोग करेंगे
शिवराज सिंह ने कहा कि ब्राजील की आधुनिक तकनीकों को देखकर भारत में उत्पादन बढ़ाने के नए रास्ते मिल सकते हैं। उन्होंने मक्के और टमाटर की खेती में इस्तेमाल हो रही मशीनों की भी सराहना की और कहा कि भारत में भी इन तकनीकों को अपनाने की दिशा में काम होगा।
सोशल मीडिया पर साझा किए अनुभव
अपने ब्राजील दौरे से जुड़े अनुभवों को शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो के जरिए साझा किया। उन्होंने कहा, “ब्राजील आकर खेती की आधुनिक विधियां देखने और सीखने का मौका मिला। यह मेरे लिए बहुत ही ज्ञानवर्धक अनुभव है।”
भारत-ब्राजील कृषि व्यापार बढ़ने की उम्मीद
ब्राजील के साओ पाउलो में स्थानीय कृषि कारोबारियों से मुलाकात के दौरान शिवराज सिंह ने कहा कि भारत-ब्राजील मिलकर वैश्विक खाद्य सुरक्षा को मजबूत बना सकते हैं। उन्होंने ब्राजील के कृषि समुदाय को भारत आने का निमंत्रण भी दिया।
ब्राजीलियन चैंबर ऑफ कॉमर्स के अनुसार, वर्तमान में भारत-ब्राजील के बीच 2 से 3 अरब डॉलर का कृषि व्यापार हो रहा है, जो आने वाले समय में 15 से 20 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है। ब्राजील भारत को मुख्य रूप से उर्वरक, सोयाबीन, चीनी, मांस और सब्जियों का निर्यात करता है।





