डायल-112 की समीक्षा बैठक में 40 जवान सम्मानित, हर महीने 4 “कॉप ऑफ द मंथ” होंगे घोषित

बिलासपुर में डायल-112 की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने रक्षित केंद्र स्थित बिलासागुड़ी में समीक्षा बैठक आयोजित की। इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अर्चना झा, नोडल अधिकारी डायल-112, डीपीसीआर स्टाफ, जिला एबीपी और टीपीएल प्रबंधक समेत डायल-112 के सभी संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
एसपी रजनेश सिंह ने डायल-112 टीम के काम की सराहना करते हुए कहा कि यह टीम सबसे पहले घटना स्थल पर पहुंचती है और पीड़ित की तुरंत मदद करती है। उन्होंने कहा कि डायल-112 का स्टाफ कई बार अकेले ही भीड़ में पहुंचकर हालात को संभालता है, जो बेहद सराहनीय है।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 40 आरक्षक और चालकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित कर्मचारियों ने हाल ही में कई अहम मामलों में बहादुरी और तत्परता दिखाई है। इनमें सीपत क्षेत्र में गोलीकांड के आरोपी की गिरफ्तारी, बिल्हा में ट्रेलर चोरी करने वाले आरोपी को पकड़ना, रतनपुर से लापता हुए 5 नाबालिगों को सिर्फ डेढ़ घंटे में ढूंढ निकालना, और तोरवा में युवक पर हमला करने वाले आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी शामिल है।
बैठक के अंत में एसपी ने यह घोषणा की कि अब हर महीने “डायल-112 कॉप ऑफ द मंथ” के तहत चार कर्मचारियों को उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा।
यह बैठक डायल-112 टीम के उत्साह को बढ़ाने और सेवा भावना को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल रही।





