सुशासन दिवस पर फैली अफवाह से हंगामा, महिलाएं हुईं नाराज़

बिलासपुर, बिल्हा: सुशासन दिवस के मौके पर बिल्हा विकासखंड क्षेत्र के बोदरी नगर पालिका परिषद अंतर्गत तीन स्थानों पर शिविरों का आयोजन किया गया। लेकिन अफवाह के चलते भारी संख्या में महिलाएं महतारी वंदन योजना और पीएम आवास योजना के फार्म भरवाने के लिए वहां पहुंच गईं। जब उन्हें बताया गया कि इन योजनाओं से संबंधित फार्म नहीं लिए जा रहे हैं, तो महिलाओं में नाराज़गी फैल गई। वे मायूस होकर शिविर से वापस लौट गईं और अफवाह फैलाने वालों पर सवाल उठाए।
सिर्फ शिकायतें ली गईं, फार्म न मिलने पर महिलाएं भड़कीं
शिविर में मौजूद कर्मचारियों ने साफ कहा कि केवल शिकायतें और समस्याओं से संबंधित आवेदन ही लिए जाएंगे, जिससे लोगों की उम्मीदों पर पानी फिर गया। कई महिलाओं ने आरोप लगाया कि उन्हें बताया गया था कि योजनाओं के फार्म भरे जाएंगे। महिलाओं ने प्रशासन की सूचना व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि अगर पहले से सही जानकारी दी जाती, तो वे इतनी दूर से परेशान होकर नहीं आतीं।
शिविर स्थल और क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर भी मचा विवाद
शिविर के स्थान चयन को लेकर भी विवाद की स्थिति बन गई। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि विजय वर्मा ने कहा कि वार्ड 07 के लोगों के लिए वार्ड 10 में शिविर लगाया गया, जिससे ग्रामीणों को परेशानी हुई। वार्ड 06 की महिलाओं ने नालियों की सफाई न होने की शिकायत की, वहीं वार्ड 09 की शशि केवट ने पानी की गंभीर समस्या बताई और टैंकर भेजने की मांग की।





