भुवनेश्वर में डबल एनकाउंटर, कोढ़ा गैंग के लुटेरे घायल

भुवनेश्वर। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। गुरुवार रात को हुए एक एनकाउंटर में बिहार के कुख्यात कोढ़ा गैंग के दो लुटेरे घायल हो गए।
ये दोनों अपराधी मनीष यादव (28) और सोनू यादव (27) हैं, जो बिहार के कटिहार जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों अपराधी 7 राउंड गोलीबारी में घायल हुए। पुलिस ने इनके पास से दो माउजर (एक 9 एमएम और एक 7.65 एमएम) और कई गोलियां जब्त की हैं। इस एनकाउंटर के बाद दोनों को कटक के एससीबी मेडिकल में भर्ती कराया गया है।
30 से अधिक मामले दर्ज
इन अपराधियों पर 30 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और ये बिहार तथा पश्चिम बंगाल पुलिस के मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल थे। इन दोनों पर आरोप है कि इन्होंने 20 मार्च को भुवनेश्वर में 6 चेन छिनतई की घटनाओं को अंजाम दिया था।
पुलिस आयुक्त एस. देवदत्त सिंह ने कहा कि राजधानी में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और पुलिस ने पिछले तीन महीने में लुटेरे गिरोह के खिलाफ 3 एनकाउंटर किए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था सख्त है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
इस तरह करते थे लूटपाट
कोढ़ा गैंग के लुटेरे लूटपाट करने के लिए चोरी की बाइक का इस्तेमाल करते थे। इन लुटेरों ने एटीएम से पैसे निकालने वाले लोगों और चेन छिनने के अलावा कई अन्य अपराधों को भी अंजाम दिया था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पुलिस ने अब लुटेरों को उन्हीं की भाषा में जवाब देना शुरू कर दिया है। पिछले तीन महीने में तीन एनकाउंटर किए गए, जिसमें विभिन्न राज्यों के कुख्यात अपराधी घायल हुए। भुवनेश्वर पुलिस का यह एनकाउंटर साबित करता है कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





