चिराग पासवान के परिवार में संपत्ति विवाद, पहली पत्नी ने दर्ज कराया केस

दिवंगत केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के परिवार में संपत्ति को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। उनकी पहली पत्नी राजकुमारी देवी ने अपने ही परिवार के कुछ सदस्यों के खिलाफ अलौली थाने में मामला दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके जेवरात और अन्य सामान घर से फेंक दिए गए और उनके कमरों को ताला लगा दिया गया। इस मामले में पशुपति कुमार पारस की पत्नी शोभा देवी, रामचंद्र पासवान की पत्नी सुनैना देवी, एक बॉडीगार्ड और दो चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है।

राजकुमारी देवी ने आरोप लगाया है कि संपत्ति विवाद के चलते उन्हें मानसिक और भावनात्मक रूप से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने चिराग पासवान से संपत्ति के उचित बंटवारे की मांग की है। इस मामले में एलजेपी (रामविलास) के नेताओं ने राजकुमारी देवी से मुलाकात की और उनके समर्थन में खड़े होने की बात कही।

पशुपति कुमार पारस गुट ने चिराग पासवान पर लगाया आरोप

इस मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) के प्रदेश प्रवक्ता श्रवण अग्रवाल ने चिराग पासवान पर गहरी साज़िश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अपने चाचा पशुपति कुमार पारस को बदनाम करने के लिए चिराग पासवान ने यह पूरा मामला खड़ा किया है। उनका दावा है कि चिराग ने अपने समर्थकों और असामाजिक तत्वों को भेजकर यह ड्रामा कराया है।

श्रवण अग्रवाल ने आगे कहा कि रामविलास पासवान की आत्मा आज दुखी होगी और बन्नी गांव इस विवाद के चलते शर्मसार हो गया है। उन्होंने चिराग पासवान पर पारिवारिक और राजनीतिक लाभ के लिए गलत तरीके अपनाने का आरोप लगाया।

रामविलास पासवान की दो शादियां बनी विवाद की जड़?

रामविलास पासवान ने पहली शादी राजकुमारी देवी से की थी, लेकिन बाद में 1983 में रीना शर्मा से दूसरी शादी कर ली। चिराग पासवान रीना शर्मा के बेटे हैं। 2020 में रामविलास पासवान के निधन के बाद चिराग पासवान लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने।

अब संपत्ति विवाद खुलकर सामने आ गया है और मामला पुलिस तक पहुंच चुका है। आगे देखना होगा कि यह विवाद कैसे सुलझता है और क्या परिवार में समझौते की कोई गुंजाइश बची है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button