रायपुर में मोबाइल झपट्टा मारने वाले दो आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने 55,000 रुपये की कीमत का सामान जब्त किया

रायपुर। खम्हारडीह थाना क्षेत्र में दो अज्ञात व्यक्तियों ने मोबाइल झपट्टा मारकर चोरी कर ली थी, जिन्हें अब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रामायण साहू नामक व्यक्ति ने थाना खम्हारडीह में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह ग्राम बेल्हा, थाना पलारी, जिला बलौदा बाजार का निवासी है और बांए पैर से विकलांग है। साहू का बेटा रायपुर के शंकर नगर स्थित व्हीआईपी क्लब किड्स एकेडमी के पास निर्माणाधीन मकान में काम करता है और वहीं लेबर रूम में रहता है। साहू भी कुछ दिनों से अपने बेटे के साथ उसी लेबर रूम में रह रहा था।
28 मार्च 2025 को साहू का बेटा सुबह काम के लिए कचना गया हुआ था, जबकि साहू घर पर अकेला था। दोपहर करीब 1 बजे वह घर के बाहर बैठा हुआ था। इस दौरान दो अज्ञात व्यक्ति स्कूटी पर सवार होकर उसके पास आए और पता पूछने लगे। साहू ने बताया कि उसे कोई जानकारी नहीं है, तभी एक व्यक्ति ने साहू के हाथ में रखा ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन (कीमत 5000 रुपये) झपट्टा मारकर ले लिया और दोनों आरोपी स्कूटी से फरार हो गए।
साहू की रिपोर्ट पर थाना खम्हारडीह में अपराध पंजीबद्ध किया गया। इस घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और मुखबीर लगाने के साथ ही आरोपियों द्वारा उपयोग किए गए दोपहिया वाहन के बारे में जानकारी एकत्र की।
दो आरोपियों की गिरफ्तारी और सामान की बरामदगी
पुलिस टीम को महत्वपूर्ण जानकारी मिली और इस दौरान कचना खम्हारडीह रायपुर निवासी धर्मेन्द्र टण्डन उर्फ लल्ला और अजय मण्डल उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों से चोरी किया गया मोबाइल फोन और वेस्पा स्कूटी (नंबर सी जी 04 एम एन 4457), जिसकी कीमत लगभग 55,000 रुपये थी, जब्त की।
गिरफ्तार आरोपी धर्मेन्द्र टण्डन (उर्फ लल्ला), पिता डोमार टण्डन, उम्र 24 वर्ष, और अजय मण्डल (उर्फ छोटू), पिता स्व. गोपाल मण्डल, उम्र 27 वर्ष, दोनों निवासी हाउसिंग बोर्ड कालोनी कचना, खम्हारडीह रायपुर हैं। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।





