कांग्रेस का बड़ा दांव: जिलाध्यक्षों को दिया जीत का मंत्र, BJP से मुकाबले की तैयारी तेज

देश की राजनीति में लंबे समय से संघर्ष कर रही कांग्रेस अब दोबारा खड़े होने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। बीजेपी को टक्कर देने के लिए कांग्रेस ने अपने जिलाध्यक्षों को खास ट्रेनिंग दी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने 13 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों से आए 338 जिला अध्यक्षों को जीत की रणनीति सिखाई।
कांग्रेस की नई रणनीति
कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने के लिए जिला स्तर पर बड़ा दांव चला है। तीन साल पहले उदयपुर के चिंतन शिविर में जो फैसले लिए गए थे, अब उन्हें जमीनी स्तर पर लागू किया जा रहा है। इसी कड़ी में 28 मार्च को पार्टी ने 338 जिला अध्यक्षों की बैठक की, जबकि बाकी जिला अध्यक्षों की बैठक 3 अप्रैल को होगी।
बैठक में कांग्रेस नेताओं ने चार से पांच प्रजेंटेशन दिए, जिनमें बताया गया कि कैसे जिला स्तर से लेकर मंडल स्तर तक संगठन को सक्रिय किया जाए। साथ ही, वोटर लिस्ट की निगरानी, मीडिया कम्युनिकेशन और सोशल मीडिया की भूमिका पर भी चर्चा हुई।
खरगे का दर्द और राहुल की सीख
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का दर्द छलक पड़ा। उन्होंने कहा कि अगर 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस 25-30 सीटें और जीत जाती, तो आज देश में उनकी सरकार होती। उन्होंने जिला अध्यक्षों से कहा कि सत्ता में आए बिना कांग्रेस की विचारधारा को लागू करना मुश्किल है, इसलिए अब पूरी ताकत से लड़ना होगा।
राहुल गांधी ने भी जिला इकाइयों को पार्टी की रीढ़ बताते हुए कहा कि अगर संगठन मजबूत होगा, तो कांग्रेस भी मजबूत होगी। उन्होंने जिला अध्यक्षों से कहा कि वे आम लोगों के मुद्दों को प्राथमिकता दें और बीजेपी के ध्यान भटकाने के खेल में न फंसें।
BJP से मुकाबले का प्लान
कांग्रेस ने जिला अध्यक्षों को सख्त हिदायत दी है कि वे वोटर लिस्ट में होने वाले बदलावों पर नजर रखें और किसी भी गड़बड़ी पर तुरंत आपत्ति दर्ज कराएं। इसके अलावा, जिला स्तर पर मीडिया और सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल के तरीकों पर भी ट्रेनिंग दी गई।
आर्थिक ताकत और टिकट वितरण में बदलाव
कांग्रेस ने यह भी संकेत दिया कि आने वाले दिनों में जिला इकाइयों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए बड़े फैसले लिए जाएंगे। पार्टी अब टिकट वितरण में जिला संगठनों की भूमिका बढ़ाने की दिशा में भी कदम उठा रही है, ताकि ग्राउंड लेवल पर मजबूत उम्मीदवार चुने जा सकें।
गुजरात में होगी बड़ी बैठक
कांग्रेस 3 अप्रैल को बाकी जिला अध्यक्षों की बैठक करने जा रही है। इसके बाद गुजरात में पार्टी का अधिवेशन होगा, जिसमें संगठन को लेकर कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।
कुल मिलाकर, कांग्रेस ने जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि यह रणनीति 2029 के चुनावों में कितना असर दिखा पाती है।





