देशभर में बदला मौसम का मिजाज, कहीं बारिश-बर्फबारी तो कहीं भीषण गर्मी

देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी हो रही है, जबकि मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी का प्रकोप शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और अरुणाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, तमिलनाडु, पुडुचेरी और तटीय आंध्र प्रदेश में तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
दिल्ली में गर्मी का सितम, तापमान 40 डिग्री के पार
मार्च के महीने में ही दिल्ली में गर्मी बढ़ने लगी है। बीते कुछ दिनों से लगातार तापमान बढ़ रहा है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16-18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिन में तेज धूप रहेगी और हवाएं 15-20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी।
बीते 26 मार्च को दिल्ली का तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो 2011 के बाद मार्च महीने का सबसे गर्म दिन रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा बढ़ सकती है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में भीषण गर्मी की आशंका
उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का असर तेजी से बढ़ रहा है। दिन के साथ-साथ अब रात में भी गर्मी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में आज मौसम शुष्क रहेगा और 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
बिहार में भी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 2-3 दिनों में राज्य के कई जिलों में हॉट डे रहने की संभावना है। तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लोगों को लू का सामना करना पड़ सकता है।
हिमाचल में बर्फबारी, येलो अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम खराब होने की संभावना जताई गई है। कई इलाकों में तेज बारिश और बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग ने 28 मार्च के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, 29 मार्च से 1 अप्रैल तक मौसम साफ रहने की संभावना है। उत्तराखंड के कुछ जिलों में भी आज बारिश हो सकती है।
झारखंड में गर्मी का कहर, बारिश की संभावना नहीं
झारखंड में तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। झारखंड में फिलहाल किसी भी तरह की बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे तापमान और ज्यादा बढ़ सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ से जम्मू-कश्मीर और अरुणाचल में बारिश
पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर और अरुणाचल प्रदेश में 28-29 मार्च को भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तटीय आंध्र प्रदेश में 27-29 मार्च के बीच गर्म और आर्द्र मौसम बना रहेगा।
ओडिशा में 29-31 मार्च के दौरान लू चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।





