कठुआ में सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता, 2 आतंकी ढेर, 3 जवान घायल

कठुआ, जम्मू-कश्मीर: सुरक्षाबलों ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए कठुआ जिले में 2 आतंकियों को मार गिराया है। इस मुठभेड़ में 3 जवान भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है। जिले में पिछले चार दिनों से आतंकियों के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन चल रहा है।
गुरुवार सुबह राजबाग इलाके के जखोले गांव में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई। यह इलाका हीरानगर सेक्टर में उस जगह से करीब 30 किलोमीटर दूर है, जहां रविवार को मुठभेड़ हुई थी। माना जा रहा है कि ये आतंकी उसी ग्रुप के सदस्य थे, जो रविवार को मुठभेड़ के बाद भाग निकले थे।
कैसे शुरू हुआ ऑपरेशन?
रविवार को एसओजी को पाकिस्तान सीमा के पास सान्याल गांव में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद सेना, पुलिस, एनएसजी, बीएसएफ और सीआरपीएफ के जवानों ने संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया। आतंकियों की तलाश में सान्याल से डिंग अंब और उससे आगे के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस अभियान में ड्रोन, हेलीकॉप्टर, बुलेटप्रूफ वाहन और डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है।
माना जा रहा है कि आतंकियों का यह ग्रुप शनिवार को या तो नाले के रास्ते या सीमा पर बनाई गई सुरंग से घुसपैठ कर आया था। सुरक्षाबलों ने बिलावर जंगल की ओर जाने वाले सभी रास्तों की घेराबंदी कर दी थी, जिससे आतंकियों को भागने का मौका नहीं मिला।
आतंकियों को खत्म करने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीजीपी खुद कठुआ में डेरा डाले हुए हैं। इसके अलावा जम्मू रीजन के आईजी भी पिछले चार दिनों से इस ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं।
घुसपैठिए से हुआ खुलासा
दो दिन पहले राजौरी के केरी सेक्टर में सेना ने एलओसी के पास एक घुसपैठिए को पकड़ा था, जिसकी पहचान मोहम्मद याकूब के रूप में हुई। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह पीओके के सुहाना कोटली इलाके का रहने वाला है। इससे इस बात की पुष्टि होती है कि आतंकियों की घुसपैठ सीमा पार से की गई थी।
सुरक्षाबलों का यह ऑपरेशन अभी भी जारी है और पूरे इलाके में चौकसी बढ़ा दी गई है।





