सांसदों की सैलरी में 24% बढ़ोतरी, जानें नई सुविधाएं

नई दिल्ली:केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा सांसदों के वेतन में 24% की बढ़ोतरी की घोषणा की है। यह वेतन वृद्धि 1 अप्रैल 2023 से प्रभावी मानी जाएगी। साथ ही, भत्तों और अन्य सुविधाओं में भी बढ़ोतरी की गई है।
नई सैलरी और पेंशन
सरकार के फैसले के बाद अब मौजूदा सांसदों का वेतन 1.24 लाख रुपये प्रति माह हो गया है, जबकि पहले यह 1 लाख रुपये था। वहीं, दैनिक भत्ता 2,000 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये कर दिया गया है। पूर्व सांसदों की पेंशन भी बढ़ाकर 31,000 रुपये प्रति माह कर दी गई है, जो पहले 25,000 रुपये थी।
अन्य सुविधाओं में इजाफा
- निर्वाचन क्षेत्र भत्ता 70,000 रुपये से बढ़ाकर 87,000 रुपये कर दिया गया है।
- ऑफिस खर्च की राशि 60,000 रुपये से बढ़ाकर 75,000 रुपये कर दी गई है। इसमें से 50,000 रुपये कंप्यूटर ऑपरेटर की सेवाओं के लिए और 25,000 रुपये स्टेशनरी के लिए होंगे।
- सांसद कार्यकाल के दौरान 1 लाख रुपये तक का फर्नीचर खरीदा जा सकता है, जो पहले 80,000 रुपये था।
सांसदों को मिलने वाली सुविधाएं
सांसदों को सालाना 34 फ्री हवाई यात्रा की सुविधा मिलती है। वे इनमें से 8 यात्राएं अपने सहयोगियों या स्टाफ को ट्रांसफर भी कर सकते हैं। इसके अलावा, उन्हें रेलवे में सभी क्लास में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलती है।
संसद सत्र के दौरान दिल्ली में सांसदों को परिवहन सुविधा भी दी जाती है। सरकारी आवास के अलावा, सांसदों को हर साल 50,000 यूनिट फ्री बिजली और 4 लाख लीटर पानी मुफ्त मिलता है।
लोकसभा सांसदों को सालाना 1.5 लाख और राज्यसभा सांसदों को 50,000 मुफ्त कॉल की सुविधा दी जाती है। उन्हें सरकारी और निजी अस्पतालों में मुफ्त मेडिकल सुविधाएं मिलती हैं।
राज्यों में भी बढ़ी सैलरी
कुछ राज्यों में विधायकों के वेतन में भी हाल ही में बढ़ोतरी की गई है। कर्नाटक सरकार ने मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्रियों और विधायकों के वेतन में 100% तक की वृद्धि की है।
इस सैलरी बढ़ोतरी को लेकर जनता के बीच मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।





