कटनी: सूदखोरों के तंग करने से परेशान युवक ने की आत्महत्या

कटनी, 24 मार्च 2025 – मध्य प्रदेश के कटनी जिले के स्लीमानाबाद थाना क्षेत्र के चारगांवा में 22 वर्षीय युवक रविदास सिंह ने सूदखोरों से परेशान होकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। रविदास ने आत्महत्या करने से पहले एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए कहा, “मम्मी-पापा सॉरी, मेरा आर्मी में सिलेक्शन हो गया है और इसके बाद भी आज मैं मर रहा हूं।”
वीडियो में रविदास ने यह भी बताया कि उसने कुछ दिन पहले अपने गांव के दो युवकों से 22 हजार रुपए का कर्ज लिया था, लेकिन वे अब उसे 1.5 लाख रुपए की मांग कर रहे थे। इस दबाव के कारण रविदास मानसिक तनाव का शिकार हो गया और उसने जहर खा लिया। वह वीडियो में उन युवकों का नाम लेते हुए उनके द्वारा किए जा रहे मानसिक शोषण के बारे में बात करता है।
रविदास सिंह के दोस्त ने बताया कि उसने जहर खाने के बाद परिजनों को वीडियो भेजा और कुछ समय बाद वह गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है और सूदखोरों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।
कटनी एडिशनल एसपी संतोष डेहरिया ने बताया कि रविदास के परिवार से बयान लेकर मामले की गहनता से जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मृतक का पोस्टमार्टम सिहोरा में हुआ है और पुलिस मामले को लेकर सख्ती से कार्रवाई करेगी।





