नागपुर हाईकोर्ट बेंच को बम से उड़ाने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार

नागपुर, 24 मार्च 2025 – महाराष्ट्र के नागपुर में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब हाई कोर्ट की नागपुर पीठ को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई थी, जिसके बाद तुरंत सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। बम निरोधक दस्ते और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कुछ संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। हालांकि, पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कॉल ट्रेस कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
नागपुर के जरीपटका का रहने वाला है आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि धमकी देने वाला आरोपी नागपुर के जरीपटका इलाके का निवासी है। उसकी पहचान ओमप्रकाश सुरेशकुमार वासवानी के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि उसने यह कॉल क्यों किया और इसके पीछे उसकी मंशा क्या थी।
महाराष्ट्र में बम की धमकियों का सिलसिला जारी
यह घटना महाराष्ट्र में बम की धमकी से जुड़ी दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले फरवरी 2025 में डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। एक अज्ञात व्यक्ति ने गोरेगांव पुलिस स्टेशन को ईमेल भेजकर शिंदे की गाड़ी को उड़ाने की चेतावनी दी थी। इतना ही नहीं, मंत्रालय और जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन में भी इसी तरह की धमकी भरे मेल भेजे गए थे।
राज्य सरकार की कड़ी प्रतिक्रिया
जब शिंदे को धमकी मिली थी, तब वह दिल्ली में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। राज्य सरकार ने तुरंत इस मामले में सख्ती दिखाई और उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई। जांच के बाद यह धमकी झूठी साबित हुई थी, लेकिन इस तरह की घटनाएं प्रशासन के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं।
पहले भी मिल चुकी हैं जान से मारने की धमकियां
इसी साल जनवरी में 24 वर्षीय एक युवक ने सोशल मीडिया पर एकनाथ शिंदे को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए ठाणे के श्रीनगर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की थी और आरोपी को हिरासत में लिया गया था।
इस ताजा घटना के बाद नागपुर पुलिस ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है और कोर्ट परिसर समेत अन्य संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।





