महिला पत्रकारों का सम्मान, मुख्यमंत्री के साथ लंच और सेल्फी

रायपुर, 10 मार्च 2025: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने महिला पत्रकारों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित “महतारी वंदन अभिनंदन” कार्यक्रम में महिला पत्रकारों ने अपने अनुभव साझा किए और पत्रकारिता में आ रही चुनौतियों पर चर्चा की।
वरिष्ठ महिला पत्रकारों ने कहा कि महिलाएँ राजनीति, अपराध, खेल सहित हर क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन कर सकती हैं, बशर्ते उन्हें बराबरी के अवसर मिलें। उन्होंने सरकार द्वारा कामकाजी महिलाओं के लिए बनाए जा रहे छात्रावासों की सराहना करते हुए कहा कि इससे महिलाओं को सुरक्षित माहौल मिलेगा और अभिभावक अपनी बेटियों के करियर को लेकर निश्चिंत रह सकेंगे।
महिला पत्रकारों ने पत्रकारों की सम्मान निधि ₹10,000 से बढ़ाकर ₹20,000 करने के फैसले पर मुख्यमंत्री का आभार जताया और इसे पत्रकारों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री निवास में इस आयोजन पर खुशी जताई और कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे एक पिता ने हमें अपने घर बुलाया हो।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएँ समाज निर्माण की सशक्त धुरी हैं और महिला पत्रकार अपनी लेखनी के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन में अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि महिला पत्रकारों के लिए भविष्य में नई योजनाओं पर विचार किया जाएगा और सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।
कार्यक्रम के अंत में महिला पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के साथ लंच किया और सेल्फी भी ली। इस ऐतिहासिक आयोजन को प्रदेश में महिला पत्रकारों के लिए एक नई पहल के रूप में देखा जा रहा है।





