छत्तीसगढ़ में 840 उप निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र, मुख्यमंत्री बोले- पुलिस सुरक्षा और विश्वास का प्रतीक

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी में 840 उप निरीक्षक संवर्ग के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पुलिस बल की क्षमता और कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने पुलिस कर्मियों से समाज में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण निर्मित करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस का कार्य केवल अपराधियों को पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि शांति, विश्वास और सहयोग को भी बढ़ावा देना जरूरी है। राज्य सरकार साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए काम कर रही है। तकनीकी संसाधनों के उपयोग से पुलिस को आधुनिक और दक्ष बनाया जा रहा है।
महिला सुरक्षा को प्राथमिकता
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने जशपुर, रायगढ़, जगदलपुर और दंतेवाड़ा में नए महिला थानों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इन थानों से महिलाओं को अधिक सुरक्षित वातावरण और त्वरित न्याय मिलेगा। राज्य सरकार तकनीकी उन्नयन, आधुनिक हथियारों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर भी विशेष ध्यान दे रही है।
उपमुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक का संबोधन
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि वर्दी केवल अधिकार का प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने नव नियुक्त अधिकारियों से वर्दी का सम्मान करने और इसे गर्व से धारण करने की अपील की।
पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कहा कि यह दिन नव नियुक्त अधिकारियों के जीवन का एक महत्वपूर्ण मोड़ है। उन्होंने पुलिस कर्मियों से उच्च मनोबल और अनुशासन बनाए रखने की अपील की।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी
इस अवसर पर आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब, अपर मुख्य सचिव गृह मनोज पिंगुआ और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार पुलिस बल को और अधिक सशक्त बनाने के लिए नई योजनाओं पर विचार कर रही है।





