बीजेपी के 2500 रुपये महिला योजना पर आतिशी ने उठाए सवाल

नई दिल्ली, 20 मार्च 2025:आम आदमी पार्टी (AAP) की नेता आतिशी ने बीजेपी की 2500 रुपये प्रति माह महिलाओं को देने की योजना पर गंभीर सवाल उठाए हैं। यह योजना बीजेपी ने चुनावी वादे के रूप में पेश की थी, जो महिलाओं को वित्तीय सहायता देने का वादा करती है।
चुनाव प्रचार के दौरान बीजेपी ने दावा किया था कि महिलाओं के खातों में 8 मार्च 2025, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ₹2500 की राशि डाली जाएगी। हालांकि, अब मार्च 20 तक भी कोई राशि महिलाओं के खातों में नहीं आई है। आतिशी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा था कि पहली कैबिनेट बैठक में इस पर फैसला लिया जाएगा और 8 मार्च तक महिलाओं के खाते में ₹2500 भेजे जाएंगे, लेकिन यह वादा झूठा साबित हुआ है।
पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने यह भी आरोप लगाया कि न तो पैसे का ट्रांसफर हुआ और न ही रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू की गई। इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे केवल आम आदमी पार्टी के नेताओं पर आरोप लगाने में व्यस्त हैं, जबकि असली मुद्दे की तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं।
आतिशी ने बीजेपी से चार अहम सवाल पूछे:
- क्या बीजेपी दिल्ली की हर महिला को ₹2500 देगी या इतनी शर्तें लगाएगी कि केवल कुछ महिलाओं को ही लाभ मिलेगा?
- 12 दिन हो गए, लेकिन कमेटी ने अब तक कोई फैसला क्यों नहीं लिया?
- इस योजना के लिए रजिस्ट्रेशन कब शुरू होगा?
- ₹2500 कब महिलाओं के खाते में आएंगे?
आतिशी ने कहा कि दिल्ली की महिलाएं इन सवालों के जवाब का इंतजार कर रही हैं और यह मुद्दा अब राजनीतिक बहस का मुख्य केंद्र बन चुका है।





