दिल्ली में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने खेला गली क्रिकेट

नई दिल्ली: न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन भारत दौरे पर हैं और इस दौरान उन्होंने दिल्ली की सड़कों पर गली क्रिकेट खेलकर भारतीयों का दिल जीत लिया। उनके साथ न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर रॉस टेलर भी मौजूद थे।
प्रधानमंत्री लक्सन रायसीना डायलॉग में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेने के लिए भारत आए हैं। लेकिन उनके इस दौरे की सबसे खास तस्वीरें तब सामने आईं जब उन्होंने दिल्ली की गलियों में क्रिकेट खेला। तस्वीरों में लक्सन को ईंटों के बने विकेट के सामने टेनिस बॉल से बल्लेबाजी करते हुए देखा जा सकता है। रॉस टेलर ने भी बच्चों के साथ क्रिकेट खेला, जिससे यह नजारा और भी यादगार बन गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्रिस्टोफर लक्सन का गर्मजोशी से स्वागत किया और दोनों नेताओं के बीच विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि लक्सन भारत से लंबे समय से जुड़े हुए हैं और हाल ही में उन्होंने ऑकलैंड में होली मनाकर भारतीय संस्कृति के प्रति अपने प्रेम को दर्शाया था।
पीएम मोदी ने यह भी बताया कि न्यूजीलैंड में बसे भारतीय समुदाय के प्रति लक्सन का विशेष लगाव है। इस दौरे पर उनके साथ एक बड़ा भारतीय मूल का प्रतिनिधिमंडल भी आया है।
खेलों में सहयोग को लेकर हुई चर्चा
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेलों को लेकर भी चर्चा हुई। पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच क्रिकेट, हॉकी और पर्वतारोहण को लेकर पुराने संबंध हैं। उन्होंने बताया कि 2026 में दोनों देशों के खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने पर इसे खास तरीके से मनाने का निर्णय लिया गया है। दोनों देशों ने कोचिंग, खिलाड़ियों के एक्सचेंज प्रोग्राम और खेल विज्ञान में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।
क्रिस्टोफर लक्सन की भारत यात्रा 16 से 20 मार्च तक जारी रहेगी। इस दौरान उन्होंने दिल्ली के ऐतिहासिक गुरुद्वारा रकाब गंज साहिब में भी दर्शन किए और वहां की सेवा भावना की सराहना की। उनका यह दौरा भारत-न्यूजीलैंड संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





