पटपड़गंज में जलभराव पर मनीष सिसोदिया ने बीजेपी सरकार पर साधा निशाना

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने पटपड़गंज में जलभराव की समस्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें पटपड़गंज के वेस्ट विनोद नगर इलाके में पानी भरा हुआ नजर आ रहा है।

सिसोदिया ने इस वीडियो के जरिए दिल्ली की नई सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा, “यह नई सरकार के यमुना सफाई प्लान का हिस्सा है। मोहल्लों का सारा सीवर गलियों में रोक लो, ताकि यमुना में गंदगी न जाए और नदी अपने आप साफ हो जाए। वैसे भी इलाके के नए बीजेपी विधायक को जलभराव में नाव चलाने का बहुत शौक है, हो सकता है उन्होंने अपनी नाव चलाने के लिए ही पानी रोक लिया हो।”

इस वीडियो को AAP की पूर्व पार्षद गीता रावत ने सबसे पहले पोस्ट किया था। उन्होंने लिखा, “बधाई हो पटपड़गंज! अब आपको भी डबल इंजन सरकार का फायदा मिलने लगा है। बीजेपी का नया विधायक मस्त है, और जनता त्रस्त है।”

दिल्ली में इस साल फरवरी में विधानसभा चुनाव हुए थे, जिसमें आम आदमी पार्टी ने मनीष सिसोदिया को उनकी पारंपरिक सीट पटपड़गंज की जगह जंगपुरा से उम्मीदवार बनाया था। लेकिन उन्हें वहां हार का सामना करना पड़ा, जबकि पटपड़गंज से बीजेपी के रविंद्र नेगी ने 28,072 वोटों से जीत दर्ज की।

सिसोदिया ने इस हार के बावजूद विपक्ष की भूमिका निभाते हुए लगातार दिल्ली सरकार को घेरने की रणनीति अपनाई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में जल निकासी व्यवस्था चरमरा गई है और बीजेपी सरकार आम जनता की समस्याओं को अनदेखा कर रही है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि पटपड़गंज के वेस्ट विनोद नगर इलाके में जलभराव की यह समस्या कोई नई नहीं है। लेकिन नई सरकार बनने के बाद से हालात और खराब हो गए हैं। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द समाधान निकालने की मांग की है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई