सोना तस्करी मामले में रान्या राव की मुश्किलें बढ़ी, कारोबारी दोस्त ने किया बड़ा खुलासा

बेंगलुरु:कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव के खिलाफ सोना तस्करी का मामला अब एक नया मोड़ ले चुका है। उनके कारोबारी दोस्त तरुण राजू ने डीआरआई (डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस) की पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। इस खुलासे के बाद रान्या की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
दुबई में खोली थी कंपनी, हवाला लेन-देन की संभावना
रान्या राव और तरुण राजू ने 2023 में दुबई में “विएरा डायमंड्स ट्रेडिंग” नाम से एक कंपनी खोली थी, जिसका उद्देश्य सोने के आयात और निर्यात के लिए किया गया था। जांच में यह पता चला कि इस कंपनी का इस्तेमाल अवैध रूप से प्राप्त धन को सफेद करने के लिए किया जा रहा था। सोने की खरीदारी और भुगतान विदेशी मुद्रा के माध्यम से किया गया था। ईडी (इन्फोर्समेंट डायरेक्टोरेट) इस कंपनी के लेन-देन की जांच कर रही है और हवाला के जरिए होने वाले लेन-देन को लेकर भी जांच तेज कर दी गई है।
रान्या राव और तरुण राजू की गिरफ्तारी
रान्या राव को 3 मार्च को बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर 14.2 किलो सोने के साथ गिरफ्तार किया गया था। अभिनेत्री ने सोने को अपने शरीर पर टेप लगाकर छिपाया था। रान्या के अपार्टमेंट से करोड़ों रुपए की नकदी और ज्वेलरी भी बरामद की गई थी। इसके बाद, 10 मार्च को उनके कारोबारी दोस्त तरुण राजू को गिरफ्तार किया गया था।
सीबीआई की जांच और गिरफ्तारी की संभावना
सीबीआई ने सोना तस्करी मामले की जांच तेज कर दी है और संभावना जताई जा रही है कि वह रान्या राव को जल्द हिरासत में ले सकती है। फिलहाल रान्या परप्पना अग्रहारा जेल में हैं, और कोर्ट ने उन्हें 24 मार्च तक न्यायिक हिरासत में भेजा है।
रान्या राव और तरुण राजू के खिलाफ जांच और कार्रवाई में तेजी आई है, और इस मामले से जुड़ी कई और चौंकाने वाली जानकारी सामने आ सकती है।





