रायपुर:महिला पत्रकारों ने साझा किए अपने अनुभव, मुख्यमंत्री के साथ लंच और सेल्फी

रायपुर:मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित “महतारी वंदन अभिनंदन“ कार्यक्रम में महिला पत्रकारों को सम्मानित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ महिला पत्रकारों ने मीडिया में महिलाओं की भूमिका और उनके सामने आने वाली चुनौतियों पर खुलकर चर्चा की।
महिला पत्रकारों ने कहा कि राजनीति, अपराध, खेल समेत हर क्षेत्र में वे बेहतरीन प्रदर्शन कर सकती हैं, बशर्ते उन्हें समान अवसर मिले। उन्होंने कामकाजी महिलाओं के लिए बनाए जा रहे छात्रावासों की सराहना की, जिससे अब घर से दूर भी महिलाओं को सुरक्षित माहौल मिलेगा। इसके अलावा, उन्होंने पत्रकारों की सम्मान निधि ₹10,000 से बढ़ाकर ₹20,000 करने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
महिला पत्रकारों ने इस सम्मान समारोह को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री आवास में कार्यक्रम आयोजित होना ऐसा लग रहा है जैसे पिता ने अपने घर बुलाया हो। पहली बार अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश में इस तरह का विशेष आयोजन किया गया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि “महिलाएँ समाज निर्माण की सशक्त धुरी हैं, और महिला पत्रकार अपनी लेखनी से सामाजिक परिवर्तन में अहम भूमिका निभा रही हैं।” उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में महिला पत्रकारों के लिए नई योजनाओं पर विचार किया जाएगा और सरकार हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के अंत में महिला पत्रकारों ने मुख्यमंत्री श्री साय के साथ लंच किया और सेल्फी लेकर इस खास पल को यादगार बनाया।





