CG Breaking:कांग्रेस पार्षद एस वेंकट रमना पर धमकी और गाली-गलौज का आरोप, केस दर्ज

CG Breaking: भिलाई। भिलाई तीन चरोदा नगर निगम के एमआईसी मेंबर (मंत्री) और कांग्रेस पार्षद एस वेंकट रमना के खिलाफ पुरानी भिलाई थाना में मामला दर्ज किया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने एक किरायेदार को घर खाली करने के लिए धमकाया और गाली-गलौज की।
क्या है पूरा मामला?
पंचशील नगर चरोदा की रहने वाली संजना ढोल (30) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वे अपने परिवार के साथ पार्षद के परिचित के मकान में किराये से रहती हैं। पार्षद रमना पिछले कुछ दिनों से उनके घर आकर मकान खाली करने का दबाव बना रहे थे।
संजना के मुताबिक, पार्षद रमना ने कई बार धमकी दी कि अगर मकान खाली नहीं किया तो उन्हें गंभीर अंजाम भुगतना पड़ेगा। 17 फरवरी की सुबह 10 बजे जब संजना का पति शंभूनाथ घर पर नहीं था, तब पार्षद फिर से वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। दोपहर में जब शंभूनाथ घर आया तो संजना ने पूरी घटना बताई, जिसके बाद दोनों ने थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई।
बुलडोजर चलाने की धमकी
संजना ने बताया कि पार्षद ने धमकी दी थी कि अगर दो दिन में घर खाली नहीं किया गया तो रात के समय बुलडोजर चलवा देंगे। इससे उनका परिवार डर गया और उन्होंने पुलिस में मामला दर्ज करवाने का फैसला किया।
पार्षद ने भी कराया मामला दर्ज
इससे पहले पार्षद एस. वेंकट रमना ने भी पुरानी भिलाई थाना में शंभूनाथ और तीन अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज की शिकायत दर्ज कराई थी।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच कर रही है।





