Panchayat Election Result: भाजपा ने पंचायत चुनाव में रायगढ़ और कवर्धा जिले में लहराया परचम, मंत्री ओपी चौधरी और विजय शर्मा का चला मैजिक

Panchayat Election Result (सारंगढ़) : छत्तीसगढ़ पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले में भाजपा ने अपना परचम लहराया है। यहां के सरिया बरमकेला के चार जिला पंचायत क्षेत्र के चार सीटों पर भाजपा ने कब्जा कर लिया है। प्रथम चरण में अजेय बढ़त के साथ कांग्रेस को क्लीन स्वीप किया है। पूरे चुनाव में जिला कांग्रेस की भूमिका पूरी तरह से शून्य नजर आई। नगरीय निकाय के चुनाव में जहां कैबिनेट मंत्री ओ पी चौधरी का जादू चला है। वहीं अब प्रथम चरण के चुनाव में चारों सीट की जीत के बाद ओपी का डंका बज रहा है।
पूरे चुनाव में संगठन के तालमेल के साथ जे फैक्टर भी हावी रहा ज्योति जवाहर और जगन्नाथ के राजनीतिक अनुभव का लाभ और भाजपा कार्यकर्ताओं की सक्रियता में चुनाव में जीत का परचम लहराया है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ क्षेत्र क्रमांक 1 से सरिता मुरारी नायक 9 हजार 600 मतों से, क्षेत्र क्रमांक 2 से अजय जवाहर नायक 731 मतों से क्षेत्र क्रमांक 3 से अभिलाषा कैलाश नायक 6 हजार मतों से, क्षेत्र क्रमांक 4 से सहोदरा सिंह सिदार चारो भाजपा अधिकृत प्रत्याशियों को बड़ी जीत मिली।
प्रथम चरण के चुनाव में कांग्रेस जीत का खाता ही नहीं खोल पाई और चार सीट की बढ़त के साथ भाजपा मजबूत नजर आ रही है। चुनाव में ओपी चौधरी की सक्रियता सबका साथ सबका विकास के नारे के साथ भारतीय जनता पार्टी और ओपी चौधरी पर जनादेश ने भरोसा जताया है। साथ ही उन्होंने भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को प्रचंड बहुमत से जिताया है। द्वितीय चरण में अब बिलाईगढ़ विधानसभा में और तीसरा चरण का चुनाव सारंगढ़ में होना है। इस जीत का कहीं ना कहीं अगले चरण के चुनाव में गहरा प्रभाव पड़ेगा।
कवर्धा में भाजपा का दबदबा, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने दी बधाई
छत्तीसगढ़ त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रथम चरण का चुनाव सोमवार को संपन्न हुआ। जिसके नतीजे आने शुरू हो गए हैं। वहीं निकाय चुनाव में शानदार जीत के बाद भाजपा ने कवर्धा जिला, जनपद पंचायत में भी अपना कब्ज़ा कर लिया है। पहले चरण में कवर्धा जिले के 14 वार्डों में से 5 वार्डों में चुनाव हुआ। जिसमें सभी 5 जिला पंचायत क्षेत्रों में भाजपा नेता जीत चुके हैं। इसमें सबसे ज्यादा चर्चा जिला पंचायत क्षेत्र 10, 11 और 14 की रही है। जहां 10 में डिप्टी सीएम विजय शर्मा के करीबी भाजपा के कैलाश चंद्रवंशी चुनावी मैदान में उतरे थे। यहां से चंद्रवंशी ने जीत हासिल कर ली है।
साथ ही क्षेत्र क्रमांक 11 में वीरेंद्र साहू ने अपने ही भाजपा के मित्र दिनेश चंद्रवंशी को पटखनी दी है। इसके अलावा क्षेत्र क्रमांक 14 में ईश्वरी साहू ने कांग्रेस अधिकृत प्रत्याशी कलीम खान को मात दी है। पंचायत चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत के बाद जश्न का माहौल है। नतीजे आने के बाद डिप्टी सीएम विजय शर्मा कवर्धा पहुंचे। जहां पर उन्होंने सभी प्रत्याशियों को जीत की बधाई दी।इस दौरान शर्मा ने क्षेत्र की जनता का भी आभार व्यक्त किया। पंचायत चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत के बाद डिप्टी सीएम शर्मा ने कहा कि, भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मेहनत कर यह जीत हासिल किया है।
सीएम विष्णुदेव साय सरकार की नीतियों की जीत हुई है। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि, दूसरे चरण के चुनाव में भी हम प्रचंड जीत दर्ज करेंगे। प्रचार के दौरान जनता का आपार आशीर्वाद मिल रहा है और वे खुद भाजपा को वोट देना चाह रही है। स्थानीय चुनाव में स्थानीय मुद्दे ही प्रभावी होते हैं और जनता इसे वोटिंग करते समय देखती है। हमारी सरकार से स्थानीय नीतियों पर बेहतर तरीके से काम किया है जिसका परिणाम हमें निकाय और पंचायत चुनाव में देखने को मिल रहा है।





