कांग्रेस सांसद गोगोई की पत्नी का ISI कनेक्शन मामला; असम में FIR, SIT करेगी जांच

गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई की पत्नी पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गोगोई की पत्नी ने पाकिस्तानी अधिकारी अली तौकीर के साथ काम किया है।
इस मामले में असम सरकार ने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया है। SIT टीम में CID के स्पेशल DGP एमपी गुप्ता, AIGP प्रणबज्योति गोस्वामी, SP रोजी कलिता और एडिशनल पुलिस कमिश्नर मोइत्रयी डेका शामिल हैं। यह टीम अली तौकीर शेख के सोशल मीडिया कमेंट्स और उनके गोगोई परिवार से जुड़े संबंधों की जांच करेगी।
किसी भी जांच के लिए तैयार: सांसद गोगोई
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि
वे और उनकी पार्टी किसी भी जांच के लिए तैयार हैं। उन्होंने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि भाजपा उनके खिलाफ एक साजिश चला रही है।
गोगोई को बदनाम करने का अभियान
कांग्रेस ने भाजपा पर आरोप लगाया कि यह गोगोई को बदनाम करने का अभियान है। जयराम रमेश ने कहा कि भाजपा के प्रयासों के बावजूद गौरव गोगोई लोकसभा चुनाव में जीत गए हैं, और अब असम विधानसभा चुनाव में भी भाजपा हारने वाली है।
गोगोई भारत को कमजोर कर रहे: भाटिया
भाजपा ने कहा कि कांग्रेस और गोगोई भारत को कमजोर कर रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि गोगोई की पत्नी का पाकिस्तान के ISI से संबंध सामने आया है, जो देश की सुरक्षा के लिए खतरा हो सकता है। इस विवाद के बीच SIT मामले की जांच कर रही है, और यह देखा जाएगा कि क्या गोगोई परिवार और पाकिस्तान के ISI के बीच कोई साजिश जुड़ी हुई थी।





