सैम पित्रोदा का एक और विवादित बयान, जयराम रमेश ने कही बड़ी बात

नई दिल्ली: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सैम पित्रोदा ने अब एक बार फिर विवादित बयान दिया है। जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में बवाल मच गया है। उन्होंने कहा है कि भारत की तरफ से चीन को दुश्मन मानना बंद कर देना चाहिए। साथ ही उन्होंने अमेरिका को भी घेरा है। इधर, भारतीय जनता पार्टी भी कांग्रेस नेता के इस बयान पर हमलावर हो गई है। इससे पहले भी पित्रोदा अपने बयानों को लेकर विवाद में रह चुके हैं। अब पित्रोदा के इस बसान पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया सामने आई है। कांग्रेस ने पित्रोदा के इस बयान से किनारा कर लिया है।
सैम पित्रोदा के इस बयान के बाद कांग्रेस नेता जयराम रमेश का बयान सामने आया है। जयराम रमेश ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर लिखा है कि सैम पित्रोदा द्वारा चीन पर व्यक्त किए गए विचार निश्चित रूप से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के विचार नहीं हैं। चीन हमारी सबसे बड़ी विदेश नीति, बाहरी सुरक्षा और साथ ही आर्थिक चुनौती बना हुआ है।
कांग्रेस ने चीन के प्रति मोदी सरकार के दृष्टिकोण पर बार-बार सवाल उठाए हैं, जिसमें 19 जून, 2020 को प्रधानमंत्री द्वारा चीन को सार्वजनिक रूप से क्लीन चिट देना भी शामिल है। चीन पर हमारा सबसे हालिया बयान 28 जनवरी, 2025 को था। यह भी बेहद खेदजनक है कि संसद को स्थिति पर चर्चा करने और इन चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए सामूहिक संकल्प व्यक्त करने का अवसर नहीं दिया जा रहा है।
कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने कहा, ‘मैं नहीं समझ पा रहा हूं कि चीन से क्या खतरा है। मुझे लगता है कि इस मुद्दे को हमेशा बढ़ा चढ़ाकर दिखाया जाता है, क्योंकि अमेरिका का स्वभाव दुश्मन बताने का है। मुझे लगता है कि अब समय आ गया है, जब सभी देश एक साथ आएं और टकराव न करें।’ दरअसल, उनसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात को लेकर सवाल पूछा गया था।





